मणिरत्नम द्वारा निर्देशित फिल्म ‘रावण’ ऐश्वर्या राय की महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है। इसमें उनके नायक अभिषेक बच्चन हैं। ‘गुरु’ के बाद यह तिकड़ी एक बार फिर साथ है। केरल के जंगलों में इसकी शूटिंग की जा रही है।
मणिरत्नम ने जानबूझकर ऐसी लोकेशन चुनी है ताकि वहाँ कम से कम लोग पहुँच सकें। मणि अपनी फिल्म की कहानी और कलाकारों की भूमिकाओं के बारे में कुछ भी नहीं बता रहे हैं।
अभिषेक और ऐश्वर्या के लुक को भी छिपाया जा रहा है ताकि फिल्म के बारे में कोई अनुमान नहीं लगा पाए। ऐश्वर्या का मेकअप होटल में किया जाता है। लोकेशन तक उन्हें बंद गाड़ी में ले जाया जाता है ताकि उनकी कोई झलक भी नहीं देख पाए। सूत्रों के मुताबिक मणिरत्नम ऐसा इसलिए कर रहे हैं ताकि दर्शकों में फिल्म के प्रति उत्सुकता पैदा हो।