हरियाले ढोकले

- सरिता जैन
सामग्री : हरे चने के दाने एक पाव, चावल का आटा एक कटोरी, नमक-मिर्च स्वादानुसार, खाने का सोडा एक चम्मच, पिसी सौंफ एक चम्मच, अदरक-लहसुन का पेस्ट एक चम्मच, दही एक कटोरी। बघार के लिए : बारीक कटा हरा धनिया, 2-3 हरी मिर्च, तेल एक बड़ा चम्मच, राई एक टी स्पून।विधि : पहले हरे चने मिक्सी में पीस लें। अब चावल का आटा और चने का पेस्ट दही में घोलकर 4-5 घंटे के लिए रख दें, ताकि उसमें खमीर उठ सके। जब अच्छी तरह खमीर उठ जाए, तो उसमें खाने का सोडा, सौंफ, अदरक-लहसुन का पेस्ट, नमक व मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएँ। अब एक बर्तन में तेल लगाकर उसमें इस घोल को डालें और करीब आधे घंटे तक भाप में पकाएँ। बीच में चाकू डालकर देख लें। अगर मिश्रण उसमें न चिपके तो उसे आँच से उतारकर ठंडा करें और मनचाहे आकार में काट लें। एक कड़ाही में तेल गरम करके राई चटकाएँ। यह बघार ढोकलों पर डालकर मिलाएँ। अब हरे धनिए से सजाकर सॉस या चटनी के साथ सर्व करें।