मानसून जितनी खुशियाँ लेकर आता है उतने ही ज्यादा बीमारियों को भी साथ लाता है। अगर हम थोड़ा सा भी लापरवाह होते हैं तो लेने के देने पड़ सकते हैं। बरसात के मौसम में कई तरह की बीमारियाँ अपना पैर पसारती हैं और हमें उससे दो-चार होना पड़ता है। इस मौसम में डायरिया, स्किन इन्फेक्शन, वायरल फीवर, डेंगू, मलेरिया, वायरल, हैपेटाइटिस जैसी कई गंभीर बीमारियाँ लोगों को परेशान करती हैं।
जगह-जगह जल-जमाव की वजह से भी मच्छरों का आतंक कायम हो जाता है। मच्छरों की वजह से डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ता है। कई बार बारिश में भीगने से भी बुखार का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में बीमारियाँ आम बात हैं लेकिन अगर इस मौसम में आप कुछ बातों का ख्याल रखेंगे तो इनसे बच सकते हैं। पेश है भीगे मौसम में सेहत के टिप्स :
बारिश में भीगने से बचें, भले ही बारिश में भीगने पर कुछ पल मजा मिलता है लेकिन ये मजा सजा बन जाता है।
अगर बारिश में भीग गए हों तो तुरंत गीले कपड़े बदल लें।
ND
अच्छा खाना खाएँ और साफ पानी पीएँ।
बेहतर होगा फिल्टर का पानी पीएँ, नहीं तो पानी उबाल कर पीएँ।
साफ सफाई का खासा ध्यान रखें।
घर में या आसपास पानी जमा न होने दें।
घर के अन्दर मॉस्क्यूटो क्वॉइल और मॉस्क्यूटो नेट का प्रयोग करें।
पानी ज्यादा से ज्यादा पीएँ, क्योंकि कई बार बरसात में भी डिहाइड्रेशन का अटैक हो जाता है।