मोनिका बेदी के बार-बार के इनकार के बावजूद अंडरवर्ल्ड सरगना अबु सलेम कतई मानने को तैयार नहीं हैं कि अभिनेत्री के साथ उसका विवाह नहीं हुआ है। उसने अपनी शादी की आठवीं सालगिरह जेल में मनाई।
पुर्तगाल से प्रत्यर्पण कर लाए गए सलेम के लिए इस महत्वपूर्ण दिन उसका मेहमान सिर्फ एक आदमी था, वह भी उसका वकील राजा ठाकुर।
सलेम पर मुंबई में 1993 में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के मामले में मुकदमा चलाया जा रहा है। कुख्यात अपराधी से मुलाकात के बाद ठाकुर ने कहा कि सलेम 2001 के बाद मोनिका द्वारा भेजे गए पत्रों और बधाई संदेशों को पढ़ रहा है और वह बहुत अकेला महसूस कर रहा है।
ठाकुर ने कहा हालाँकि मोनिका डॉन के साथ अपने विवाह से इनकार करती रही है, लेकिन सलेम का दावा है कि उन्होंने नवंबर 2000 में लॉस एंजिल्स की मस्जिद में शादी रचाई।
मोनिका के इनकार से इत्तेफाक न रखते हुए सलेम ने अपनी माशूका के बिना विशेष दिन के तौर पर अपनी शादी की सालगिरह मनाई। मोनिका हाल ही में टेलीविजन रियलिटी शो बिग बॉस से बाहर हुई है।
किसी जमाने में रुपहले पर्दे पर चमकने की ख्वाहिश रखने वाली मोनिका अपनी बात पर कायम है कि उसने कभी सलेम से विवाह नहीं किया और मीडिया के साथ कई साक्षात्कारों में दोहराती रही है कि वह हालाँकि पिछले कुछ सालों से अंडरवर्ल्ड डॉन को जानती है, लेकिन उन्होंने कभी शादी नहीं की।
रोचक यह भी है कि बिग बॉस रियलिटी शो में मोनिका को भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन के सुपुत्र राहुल महाजन से नजदीकी बढ़ाते देखा गया। शो से निकलने के बाद राहुल ने कहा कि वे दोनों अच्छे दोस्त हैं और उससे ज्यादा कुछ नहीं।
सलेम ने विवाह से इनकार के बाद पिछले महीने मोनिका को दो कानूनी नोटिस भेजे, जिसमें कहा गया था कि वह उसके बयानों से बहुत दुःखी हुआ है और तनाव में है।
सलेम ने कहा कि उसकी खिन्नता कई गुना बढ़ गई है, क्योंकि वह मोनिका के साथ बातचीत नहीं कर पा रहा है। सलेम को पुर्तगाल से 2005 में देश निकाला दिए जाने के बाद से उसे आर्थर रोड जेल में रखा गया है।
सलेम ने दावा किया कि उसने हमेशा सक्रियता से मोनिका के अभिनय करियर को प्रोत्साहित किया है और समर्थन दिया है। वह उसके जीवन से निकलने की चाहत रखता है, बशर्ते उनके विवाह से मोनिका को कोई परेशानी हो रही हो।
सलेम ने अपने नोटिस में भावुक लहजे में कहा कि बेदी के लिए उसका प्यार कभी कम या खत्म नहीं होगा, भले ही वह अलग होना चाहती हो या वैवाहिक संबंध विच्छेद करना चाहती हो। वह यदि तलाक चाहती है तो उसे इसके बारे में उसे लिखित में सूचित करना चाहिए और वह दिल टूटने के बावजूद तलाक दे देगा। |