मेलबोर्न (भाषा) , मंगलवार, 18 अगस्त 2009( 16:18 IST )
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कोच टिम नील्सन इंग्लैंड के खिलाड़ियों से संबंधित पूर्व सलामी बल्लेबाज जस्टिन लैंगर का डोजियर मीडिया में लीक होने पर शर्मिंदा हैं और उन्होंने कहा है कि इससे उनके रिश्ते पर असर पड़ा है।
नील्सन ने कहा मुझे लगता है कि इस सूचना के बाहर आने से मैंने उसका विश्वास तोड़ा है। मैं सबसे निराश इस बात से हूँ कि इसका जस्टिन के साथ मेरे रिश्ते पर त्वरित असर पड़ेगा।
लैंगर इस बात से निराश थे कि एशेज की शुरुआत से पहले इंग्लैंड के खिलाड़ियों से संबंधित जो डोजियर उन्होंने नील्सन को दिया था वह इस माह की शुरुआत में मीडिया में लीक हो गया।
नील्सन ने हालाँकि कहा कि विरोधी टीम पर इस तरह के नोट बनाना आम बात है। उनके हवाले से मीडिया में कहा गया कि इसमें ऐसी कोई सूचना नहीं थी। प्रत्येक टीम और प्रत्येक खिलाड़ी के अन्य खिलाड़ियों के बारे में डोजियर और विचार होते हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि वे (इंग्लैंड) हमारे खिलाड़ियों और संभवत: मेरे बारे में भी ऐसा कुछ कहते होंगे। मेरे लिए बड़ा मुद्दा जस्टिन के साथ निजी मुद्दा है।