स्टार ऑलराउंडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ टेस्ट क्रिकेट में अंतिम बार अपने हाथ आजमाने को पूरी तरह तैयार हैं लेकिन इंग्लैंड को अगर ऑस्ट्रेलिया से एशेज श्रृंखला जीतकर उन्हें स्वर्णिम विदाई देनी है तो उसे ‘वन मैन शो’ से कुछ अधिक की जरूरत होगी।
पाँचवाँ और निर्णायक टेस्ट गुरुवार से ओवल में शुरू होगा जबकि श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 से बराबर चल रही हैं। इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया से एशेज छीनने के लिए हर हाल में यह मैच जीतना होगा, जबकि मेहमान टीम सिर्फ मैच ड्रॉ कराकर ही एशेज ट्रॉफी बचा सकती है।
निचले क्रम के बल्लेबाजों ने इंग्लैंड को बचाया है लेकिन चोट के कारण केविन पीटरसन के दूसरे टेस्ट के बाद बाहर होने के साथ ही मेजबान टीम का बल्लेबाजी क्रम काफी कमजोर हो गया है।
हेडिंग्ले में चौथे टेस्ट में यह साबित भी हुआ जब फ्लिंटॉफ को भी चोट के कारण टीम में जगह नहीं मिली और इंग्लैंड की टीम दोनों पारियों के सस्ते में ढेर हो गई।
ऑस्ट्रेलिया ने यह टेस्ट मैच पारी और 80 रन से मैच जीतकर श्रृंखला में बराबरी हासिल की, जिससे रिकी पोंटिंग की पिछली एक शताब्दी में इंग्लैंड में दो एशेज श्रृंखला हारने वाला कप्तान बनने से बचने की संभावना मजबूत हो गई है।