सीरिया के अल इतिहाद ने अब्दुल फतह अलाघा के दो गोल और अंतिम क्षणों में दो गोल करके यहाँ साल्ट लेक स्टेडियम में हुए एएफसी कप फुटबॉल के ग्रुप 'डी' के शुरुआती मैच में ईस्ट बंगाल को 4-1 से परास्त किया।
इस जीत से सीरियाई टीम अपने ग्रुप में शीर्ष पर पहुँच गई। वह लेबनान के अल नेजमेह और कुवैत के अल कादसिया से आगे हैं, जिनके एक एक अंक हैं।
ईस्ट बंगाल का यह काफी लचर प्रदर्शन था क्योंकि उन्होंने अंतिम समय में सीरियाई राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी अलाघा (89वें मिनट) और आबेद अल अली अलसलाल (इंजुरी टाइम) से गोल गँवाएँ, जिससे सीरियाई क्लब ने शानदार जीत दर्ज की।
यासिफ याकूबू ने 56वें मिनट में पेनल्टी के जरिए ईस्ट बंगाल की तरफ से एकमात्र गोल किया। अल इतिहाद ने ओटोबोंग एने एडेट आउटडर के सातवें मिनट और अलघा के 28वें मिनट में किए गए गोल से 2-0 की बढ़त बनाई।
ब्रेक तक स्कोर 2-0 ही था। दो गोल गँवाने के बाद ईस्ट बंगाल ने घरेलू दर्शकों के सामने कप्तान सईद रहीम नबी और भारतीय कप्तान बाईचुंग भूटिया की बदौलत बढ़िया प्रयास किया, लेकिन उनका प्रयास जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था। (भाषा)